
दुर्गा पूजा को लेकर सरायकेला थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक…
सरायकेला: संजय मिश्रा स्थानीय सरायकेला थाना परिसर में सरायकेला थाना प्रभारी सतीश कुमार वर्णवाल की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में दुर्गा पूजा शांतिपूर्वक आयोजन को लेकर विभिन्न पूजा कमेटी के पदाधिकारियों व शांति समिति के सदस्यों से विचार विमर्श किया गया। बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह उपस्थित रही। शांति समिति की बैठक में थाना प्रभारी ने थाना क्षेत्र में लाईसेंसी व गैर लाईसेंसी पूजा समितियों के बारे में जानकारी दी।

बैठक में पूजा समितियों ने सप्तमी, अष्टमी व नवमी तीन दिन पूजा पंडालों एवं मंडपों में महिला एवं पुरूष बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, रात्रि पेट्रोलिंग लगातार जारी रखने, प्राथमिक उपचार हेतु मेडिकल टीम के साथ एबुलेंस की उपलब्धता रखने की मांग की। बैठक में थाना प्रभारी ने कहा कि पूजा के दिन खासकर अष्टमी के दिन सभी पूजा पंडालों व मंदिर में पुरूष व महिला पुलिस तैनात रहेगी। साथ ही चोरी की घटनाओं पर अंकुश रखने व शराबियों पर नजर रखने हेतु पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करते रहेगी ताकि लोग खुशियों के साथ पूजा का आनंद उठा सकें। थाना प्रभारी ने कहा कि डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। अगर कहीं भी डीजे बजाया जाता है तो पुलिस वहां कार्रवाई करेगी।
थाना प्रभारी ने पूजा के दौरान इंटरनेट मीडिया में कड़ी नजर रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस दौरान ऐसा कोई पोस्ट नही करें जिससे सामाजिक सौहाद्र पर असर पडे। कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तुरंत किसी भी प्रशासनिक पदाधिकारी को सूचना दें। मौके पर डॉ चंदन कुमार, समाजसेवी जलेश कवि, पूर्व नपं उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, अधिवक्ता निर्मल आचार्य, संजय चौधरी, रविंद्र मंडल, लक्ष्मण महतो, भोला महांती, गणेश गागराई, सुदीप पटनायक के अलावे काफी संख्या में शांति समिति के लोग उपस्थित रहे।
Related posts:

