
विधान से समाधान कार्यक्रम के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा कार्यक्रम का किया गया आयोजन…
सरायकेला : संजय मिश्रा । झालसा रांची के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में सदर प्रखंड मुख्यालय सरायकेला में महिलाओं से सम्बंधित विधान से समाधान कार्यक्रम के तहत एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके तहत महिलाओं की सुरक्षा के लिये बनाये गए कानून प्रावधानों और योजनाओं से जुड़े जानकारियां प्रदान की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तौसिफ मेराज़ ने कार्यक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि नालसा नई दिल्ली, झालसा रांची और राष्ट्रीय महिला आयोग की सहभागिता से जिले के सभी 9 प्रखंडों में महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। और आज इस संदर्भ में पहला कार्यक्रम सदर प्रखंड मुख्यालय सरायकेला में किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं के विरुद्ध होने वाले विभिन्न अपराधों तथा इससे जुड़े कानूनों के बारे में वहां उपस्थित महिला समूह को बताया।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं के साथ साथ लीगल डिफेंस कॉउन्सिल सरायकेला के प्रमुख दिलीप कुमार साव ने भी महिलाओं से संबंधित कानूनों के बारे में बताया। सरायकेला प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती यस्मिता सिन्हा ने उपस्थित महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर को सरायकेला अंचलाधिकारी सुनील कुमार, अधिवक्ता श्रीमती रिंकू कुमारी सिन्हा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पीएलवी तारापद सरकार, मोहम्मद रमजान अंसारी, अमर सुरीन, ज्योत्स्ना महतो और तारामणि बंदिया आदि मौजूद रहे। बताया गया कि मार्च 2025 तक महिलाओं से जुड़े यह कार्यक्रम जिले के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

