
गम्हरिया थाने में गंभीर आरोप से मचा हड़कंप, एसडीपीओ ने संभाली जांच की कमान
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची एक महिला ने वहां तैनात पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला शुक्रवार को पारिवारिक कलह से संबंधित शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी पर थाने के भीतर ही उसके साथ गलत हरकत करने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। घटना से संबंधित शिकायत सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
मामले की जांच के लिए सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज देर रात गम्हरिया थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। साथ ही, घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कराई।
एसडीपीओ ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
