Spread the love

दो दिवसीय महिला प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया गया शुभारंभ…..

सरायकेला। राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड क्षेत्रीय निदेशालय -जमशेदपुर के तत्वावधान में खरसावां प्रखंड के आमदा स्थित नव प्राथमिक विद्यालय भवन में दो दिवसीय महिला प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बोर्ड के वरिष्ठ शिक्षा पदाधिकारी राज किशोर गोप ने विधिवत किया।

अपने संबोधन में उन्होंने नारी सशक्तिकरण की वर्तमान प्रासांगिकता को रेखांकित करते हुए कहा कि देश के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विकास हेतु इसे नितांत जरूरी कहा। “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” सिद्धान्त पर समुचित ध्यान देकर हम प्रगतिशील समाज के निर्माण का नींव रख सकते हैं इस महत्वपूर्ण पहल से नारी सशक्तिकरण को समाज में नई गति तथा बहुआयामी दिशा मिल सकती है। इसके लिए उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे अपने बेटियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करें।आगे उन्होंने महिला सशक्तिकरण को देश की प्रगति के लिए जरूरी बताया।

श्री गोप ने भारत तथा विश्व पटल पर हो रहे आधुनिक बदलाव की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें महिलाओं की समुचित भागीदारी आवश्यक है जो केवल शिक्षा से ही सम्भव हो सकता है। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि तथा खरसावां प्रखंड के उप-प्रमुख अमित कुमार केशरी ने अपने सम्बोधन में 26 अगस्त,2021 को भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किए ई-श्रम पोर्टल के अन्तर्गत असंगठित श्रमिकों को अपना निबन्धन कर अपना कार्ड प्राप्त करने का सुझाव दिया ताकि महिला श्रम शक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भविष्य में मिल सके।आगे उन्होंने श्रमिकों के प्रगति हेतु श्रमिक शिक्षा कार्यक्रम को जरूरी बताया। मुरूप पंचायत के पूर्व मुखिया श्रीमती लक्ष्मी देवी ने कहा कि जागरूकता के बिना नारी शक्ति का विकास नहीं किया जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन बोर्ड के कार्यक्रम समन्वयक हेमसागर प्रधान ने किया । उन्होंने झारखंड स्टेट डेवलपमेंट कौशल विकास योजना, बालिका समृद्धि योजना,मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना,आयुष्मान योजना, तथा आधार संशोधन प्रक्रिया के बारे में प्रतिभागियों को जरूरी जानकारी दिया। इस कार्यक्रम में 10 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 80 महिलाओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शैलेंद्र सिन्हा, प्रतिमा तांती, बेबी महतो,मीरा महतो आदि का सराहनीय योगदान रहा।

Advertisements

You missed