Spread the love

राज्य में गिरती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधिक घटनाओं के

विरोध में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने राज्यपाल के नाम

बीडीओ को सौंपा 3 सूत्री मांग पत्र….

सरायकेला। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा सरायकेला पश्चिम प्रखंड की ओर से राज्य में गिरती हुई कानून व्यवस्था एवं बढ़ते अपराध के विरोध में प्रखंड कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करते हुए सरायकेला प्रखंड विकास पदाधिकारी को राज्यपाल के नाम 3 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया है।

भाजपा एसटी मोर्चा सरायकेला पश्चिमी के प्रखंड अध्यक्ष शंकर सोय के नेतृत्व में सौंपे गए उक्त ज्ञापन में बताया गया है कि अनुसूचित जनजाति समाज तथा आम झारखंडी सदान समाज की महिलाओं एवं बेटियों पर लगातार सामूहिक दुष्कर्म, हत्या एवं लूट की वारदातें हो रही है। राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो जाने के कारण अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। राज्य में बीते दिनों हुए आपराधिक घटनाओं का ब्यौरा देते हुए ज्ञापन में बताया गया है कि बीते जनवरी माह में पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर फुटबॉल मैच के दौरान दिनदहाड़े नक्सल के द्वारा किया गया जानलेवा हमला और साथ में दो अंगरक्षकों की निर्दयतापूर्वक गला रेतकर हत्या कर दी गई। बीते 4 जनवरी को सिमडेगा जिले के कोलाबीरा प्रखंड अंतर्गत बेसराजारा गांव में समुदाय विशेष के 500 लोगों की भीड़ द्वारा पुलिस बल के सामने संजू प्रधान को घर से खींच कर पीट-पीटकर जलाकर मार डाला गया।

पाकुड़ जिले के पाकुड़िया प्रखंड के फुलझींझरी गांव में 55 वर्षीय जनजाति महिला सूरूज हांसदा की हत्या समुदाय विशेष के व्यक्ति द्वारा कर दी गई। रांची जिला के चान्हो में एक नाबालिग लड़की के साथ 7 लड़कों ने सामूहिक बलात्कार किया। बीते सोमवार को गुमला जिला के डुमरी प्रखंड के कोकावल गांव निवासी कस्तूरबा विद्यालय में पढ़ने वाली एक जनजाति नाबालिग लड़की के साथ गांव के ही छह युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया। बताया गया है कि सरकारी आंकड़े के अनुसार विगत 2 वर्षों में लगभग 3406 आदिवासी, सदान महिलाओं, युवतियों एवं नाबालिगों के साथ बलात्कार, सामूहिक बलात्कार एवं नृशंस हत्याएं हुई हैं। मांग की गई है कि झारखंड राज्य की वर्तमान सरकार को तत्काल बर्खास्त करने के लिए केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजा जाए। सिमडेगा जिले के बेसराजारा निवासी संजू प्रधान की समुदाय विशेष के लोगों द्वारा सामूहिक रूप से की गई हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराई जाए। एवं पाकुड़ जिला के पाकुड़िया प्रखंड के फुलझींझरी गांव निवासी महिला सुरुज हांसदा की समुदाय विशेष के व्यक्ति द्वारा की गई हत्या और मस्जिद निर्माण की जांच भी सीबीआई द्वारा कराई जाए। इस मौके पर भाजपा के बद्रीनारायण दारोगा, माईकल महतो, राजु महाली, गादुम सोरेन एवं देवराज सोरेन मौजूद रहे।

Advertisements

You missed