Spread the love

इनके बांसुरी के सूर पर लहराते बलखाते है छऊ कलाकार, दर्शक हो जाते हैं भाव विभोर

सरायकेला। युग युगांतर से बांसुरी की मधुर धुन लोगों के मन मोहने के साथ-साथ व्याकुल मन को भी शांति प्रदान करने का कार्य करती रही है। इतना ही नहीं बांसुरी की धुन का सकारात्मक असर गुस्सैल जानवरों के क्रोध को शांत चित्त करने के लिए प्रभावी माना जाता रहा है। वहीं जब सांसारिक बंधनों में उलझ कर बांसुरी की धून शोषित होने लगे तो प्रकृति की सुंदरता शांत होने लगती है। कहा भी गया है कि जिस देश या राज्य में कला एवं कलाकारों का सम्मान नहीं, वहां से विकास का पलायन निश्चित हो जाता है।


कुछ ऐसा ही वाकया सरायकेला खरसावां जिले में राजनगर प्रखंड के टांगरानी गांव के रहने वाले बांसुरी वादक शिव हेस्सा के साथ रहा है। जिन्होंने देश सहित विदेशों के मंचों से भी विश्व प्रसिद्ध छऊ नृत्य कला का बांसुरी वादन कर अपने हुनर का दवा मनवाने का काम किया है। जो राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र से जुड़कर मात्र महीने के 2000 मानदेय के लिए 4000 खर्च कर राजनगर से सरायकेला आते रहे हैं। इन्होंने वर्ष 2013 में हंगरी के बुडापेस्ट में पुनकोसडी सोकोडालोम में अपनी कला का प्रदर्शन किया है। इसके अलावा वर्ष 1998 में ऑल इंडिया डांस कंपटीशन कटक उड़ीसा में पार्टिसिपेट किया। 1997 में ऑल इंडिया रेडियो से कार्यक्रम की प्रस्तुति की। 2012 में कटक नृत्योत्सव एवं 2012 में ही इंटरनेशनल थियेटर फेस्टिवल कटक उड़ीसा में भाग लिया। देश एवं राज्य सहित जिले के बीसीओं कार्यक्रम में अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए कई राज्यों में सर्टिफिकेट और प्राइस हासिल की है। इन्होंने छऊ नृत्य कला एवं बांसुरी वादन की शिक्षा भूपेंद्र नारायण सिंहदेव, कालाचंद भोल, नाथू महतो, सदानंद मुखी जैसे गुरुओं से हासिल की। और वर्तमान में अपने कला विकास केंद्र बानाटांगरानी में छात्रों को कला की शिक्षा देने का काम कर रहे हैं।

आदिवासी परिवार से आने वाले शिव हेस्सा नौवीं क्लास तक शिक्षा दीक्षा किए। और शिव हेस्सा अपने परिवार के संचालन एवं भरन पोषण के लिए वर्तमान में अपनी सवारी टेंपो चलाकर लोगों को मंजिल तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। और अपनी मंजिल के विषय में बताते हैं कि कला एवं कलाकारों का संरक्षण हो नहीं तो दुनिया बेरंग और बदरंग हो जाएगी। क्योंकि कलाकार यदि आवश्यकताओं की पूर्ति से संपन्न होगा, तो उसकी कला साधना दोगुनी उत्साह के साथ प्रखर होकर अपने कला प्रेमियों के सामने आएगी।

Advertisements

You missed