Spread the love

सरायकेला। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत और विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान जिले भर में जनसेवा एवं जनजागरूकता के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

इसी के तहत सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत गुड़ियाडीह बस्ती में जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं श्री कालूराम सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान 50 जरूरतमंद गरीब परिवारों के बीच कंबल का वितरण किया गया। मौके पर अपने संबोधन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार ने जनसेवा को ईश्वर सेवा के रूप में बताया। और लोगों को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। मौके पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संतोष कुमार ने लोगों को जागरूक होकर अपने कर्तव्य पथ पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राधिकार के सचिव कुमार क्रांति प्रसाद ने विधिक सेवाओं और डायन कुप्रथा की जानकारी देते हुए लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने की अपील की। समापन पर धन्यवाद ज्ञापन करते हुए श्री कालूराम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सह सरायकेला नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं और डीएलएसए द्वारा चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान एवं विधिक सेवाओं का लाभ देने की अपील की।
इस अवसर पर एक अन्य कार्यक्रम उत्क्रमित उच्च विद्यालय पठानमारा में आयोजित किया गया। जहां स्कूली बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता और नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राधिकार के सचिव ने मौके पर बच्चों को विधिक सेवाओं की जानकारी दी। एवं पढ़ने और आगे बढ़ने का पाठ पढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले श्रेष्ठ 3 को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
तीसरा प्रमुख कार्यक्रम चांडिल प्रखंड के सरकारी भवन में आयोजित किया गया। जहां महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत 10 परिवारों को आवास योजना से जोड़ते हुए उन्हें प्रधानमंत्री आवास की चाभी दी गई। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के बीच 40 लाख के ऋण का वितरण किया गया। इसके अलावा विधवा पेंशन, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, कन्यादान योजना एवं मुख्यमंत्री सुकन्या योजना जैसे कार्यक्रमों के तहत परिसंपत्ति का वितरण किया गया। जिसमें स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्राधिकार के सचिव ने उपस्थित लोगों को विधिक जानकारी और योजनाओं के विषय में बताते हुए उन्हें सजग रहकर अपने अधिकारों को पाने के लिए प्रेरित किया। प्राधिकार के सचिव ने बताया कि मंगलवार को डीएलएसए की टीम द्वारा 70 गांव में भ्रमण करते हुए लोगों को विधिक सेवाओं के विषय में जानकारी दिया गया। जन जागरूकता रथ द्वारा भी जिले के 25 गांव में जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।

Advertisements

You missed