
सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय सरायकेला में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर खेल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन…
सरायकेला संजय मिश्रा:

सरायकेला। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय सरायकेला के प्रांगण में कक्षा प्रवेश से लेकर नवम तक के छात्र-छात्राओं के बीच राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के प्रधानाचार्य पार्थसारथी आचार्य द्वारा छात्र-छात्राओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन चरित्र की जानकारी देते हुए सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दी।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सभी छात्र-छात्राओं को स्वामी विवेकानंद जी के जीवन आदर्श को ध्यान में रखते हुए सत्य, अहिंसा, देशप्रेम, विश्व बंधुत्व की भावना एवं कर्तव्यनिष्ठ होकर अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिसमें सुई धागा दौड़, गोटी चम्मच दौड़, तीन पैर वाला दौड़, बिस्किट दौड़, गणित प्रतियोगिता, स्लो साइकिल रेस, म्यूजिकल चेयर, गोला फेंक प्रतियोगिता, लंबी कूद, ऊंची कूद आदि शामिल रहे।
छात्र-छात्राओं ने बहुत ही उत्साह एवं उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिए। प्रधानाचार्य ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है। इससे शरीर मजबूत और तंदुरुस्त बना रहता है। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य तुषारकांत पति के साथ सभी शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

