
फुटबॉल मैच देखकर लौट रहे युवक का शव नाले में मिला, क्षेत्र में सनसनी

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
गम्हरिया(सरायकेला) : गम्हरिया थाना क्षेत्र के रपचा मैदान में फुटबॉल मैच देखकर लौट रहे एक युवक का शव सोमवार, 1 दिसंबर की सुबह नाले में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह लगभग 9 बजे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने नाले में युवक की लाश और उसकी बाइक को एक साथ पड़ा देखा। इसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान चंपाईडीह निवासी सोम हेंब्रम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह बीती रात फुटबॉल मैच देखकर घर लौट रहा था। आशंका जताई जा रही है कि अंधेरा और सड़क की खराब स्थिति के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल से युवक की क्षतिग्रस्त बाइक (JH05 CJ 8609) बरामद कर ली है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की कमी और खराब सड़क के कारण रात में दुर्घटनाएं होने की संभावना हमेशा बनी रहती है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। घटना से चंपाईडीह और आसपास के गांवों में शोक की लहर है।
Related posts:

