
रांची नगर निगम चुनाव में अनुसूचित जाति आरक्षण घटाने का विरोध करते हुए सरकार को कड़ी चुनौती दी गई

Arjun Kumar Pramanik…..✍️
राँची । अखिल भारतीय अनुसूचित जाति समन्वय समिति झारखण्ड एवं घासी नायक समाज के संयुक्त तत्वावधान में रांची प्रेस क्लब में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष टाईगर संदीप नायक एवं कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश नायक ने की।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि आगामी रांची नगर निगम चुनाव में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संविधान में प्रदत्त प्रावधानों के अनुरूप आरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। वर्तमान में रांची नगर निगम के कुल 53 वार्डों में अनुसूचित जाति के लिए मात्र 2 वार्ड आरक्षित किए गए हैं, जो पूर्णतः अन्यायपूर्ण है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 एवं 2013 के नगर निगम चुनावों में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 5 पार्षद सीटें आरक्षित थीं, जबकि अब इसे घटाकर 2 कर दिया गया है। जबकि नगर निगम क्षेत्र में अनुसूचित जाति की जनसंख्या के अनुपात में कम से कम 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। इस आधार पर अनुसूचित जाति वर्ग के लिए न्यूनतम 6 वार्ड आरक्षित किए जाने चाहिए। साथ ही रोटेशन चक्र के अनुसार पूर्व की भांति रांची नगर निगम के मेयर पद को भी अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित करने की मांग की गई। कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश नायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “संविधान ने अनुसूचित जाति समाज को समान प्रतिनिधित्व का अधिकार दिया है। रांची नगर निगम चुनाव में आरक्षण घटाना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि सामाजिक न्याय की भावना के भी खिलाफ है। हमारी मांगें जायज और जनसंख्या के अनुपात पर आधारित हैं। यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो अनुसूचित जाति समाज अपनी 21 उप-जातियों के साथ न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाने को मजबूर होगा। यह लड़ाई अधिकार और सम्मान की है, किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि संविधान के पालन के लिए है।”
समन्वय समिति ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में अनुसूचित जाति समाज चुनाव में मतदान को लेकर ठोस निर्णय लेने पर बाध्य होगा। साथ ही नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण, रिम्स में पोस्टमार्टम से जुड़ी सेवाएं एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को लेकर सामूहिक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से टाईगर संदीप नायक, मुकेश नायक, शिवटहल नायक, कृष्ण नायक, करण नायक, अर्चना मिर्धा, उपेंद्र रजक, संतोष रजक, राजू राम, गोविंदा वाल्मिकी, सुभाष राम, दशरथ चंद दास, सतीश तिर्की सहित कई सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

