
दुमका जिले के रानीश्वर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक कलियुगी बेटे ने अपनी ही सौतेली माँ की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता
दुमका । रानीश्वर थाना क्षेत्र के भुस्की पहाड़ी गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना घटी। यहाँ एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी सौतेली माँ की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
मामले को लेकर रानीश्वर थाना प्रभारी ने बताया कि दिनांक 23 दिसंबर 2025 को भुस्की पहाड़ी निवासी सुनील मोहली द्वारा थाना में लिखित आवेदन दिया गया। आवेदन के आधार पर रानीश्वर थाना कांड संख्या 49/25, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोप है कि दिलवान मोहली, उम्र लगभग 36 वर्ष, ने 21 दिसंबर 2025 की रात खाना बनाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद गुस्से में आकर अपनी सौतेली माँ संदरी मोहली, उम्र लगभग 54 वर्ष, की धान काटने वाले हंसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित अनुसंधान करते हुए 23 दिसंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे आरोपी दिलवान मोहली को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर 24 दिसंबर 2025 की सुबह करीब पौने दस बजे उसके घर से घटना में प्रयुक्त धान काटने वाला हंसुआ और खून से सना टी-शर्ट भी बरामद किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रानीश्वर, पुलिस अवर निरीक्षक बलराम कुमार सिंह, सरोज प्रसाद मेहता, विशाल खलखो, अजय कुमार, सुरेश कुमार सहित हवलदार बाबूधन हेम्ब्रम और गंगा राम चौड़े शामिल थे। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।

