Spread the love

अक्कड़-बक्कड़ बम्बे बो, 80-90 पूरे 100, 100 में लगा धागा, चोर निकलकर भागा…

गिरफ्तार किए गए दो आरोपी उत्पाद हाजत से खिड़की का रॉड तोड़कर हुए फरार; शक की सुई विभाग पर…

सरायकेला (संजय मिश्रा) सरायकेला उत्पाद विभाग के हाजत की खिड़की का रॉड टेढ़ा कर जमशेदपुर के भुइयांडीह निवासी दीपक यादव और राकेश कुमार मौके से बीती रात करीब 12.30 बजे फरार हो गए। घटना की जानकारी सुरक्षाकर्मियों ने वरीय अधिकारियों को दी। लेकिन तब तक दोनों आरोपित मौके से फरार हो चुके थे। दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हालांकि उत्पाद हाजत की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर किसी तरह की अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उत्पाद अधीक्षक की सूचना पर उत्पाद विभाग के दारोगा अखिलेश कुमार के नेतृत्व सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड के बन्डीह में अवैध रुप से नकली अंग्रेजी शराब बनाने की फैक्ट्री में छापामारी की गई थी। जहां से 50 पेटी ब्लैक टाइगर, विस्की ब्रांड और मैक डावेल नंबर वन करीब 450 लीटर तैयार व नकली विदेशी शराब सहित भारी मात्रा में भिन्न-भिन्न ब्रांड के खाली बोतल, ढक्कन, लेबल, कॉर्क आदि बरामद और जब्त किया गया।

इस छापामारी के दौरान पुलिस ने जमशेदपुर के भुइयांडीह निवासी दीपक यादव और राकेश कुमार को गिरफ्तार कर सरायकेला उत्पाद विभाग के हाजत में बंद कर दिया था। उत्पाद हाजत के गार्ड अश्विनी प्रधान ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उत्पाद हाजत में बंद किया गया था। रात करीब दस बजे तक सब कुछ सामान्य रहा। हाजत से सटे कमरे में गार्ड का कमरा है वहां दो गार्ड सुरक्षा के लिए तैनात किए गए थे। वह भी अपने बेड पर सो गए। रात करीब साढ़े बारह बजे के आसपास हाजत का दरवाजा खोलकर देखा गया तो दोनों आरोपित खिड़की का रॉड टेढ़ा कर मौके से फरार हो चुके थे।

एक लाख रुपये में हुआ था दोनों आरोपितों को छोड़ने का सौदा –
सूत्रों की माने तो नीमडीह स्थित नकली अंग्रेजी शराब की फैक्ट्री बादल यादव की है। गिरफ्तारी के बाद बादल यादव ने सरायकेला उत्पाद के दारोगा अखिलेश कुमार से संपर्क किया। जिसके बाद दोनों ने मामले हल्का करने व दोनों गिरफ्तार आरोपितों को छोड़ने के लिए एक लाख रुपये का सौदा तय हुआ। जिसके बाद दोनों आरोपितों को रात में ही छोड़ दिया गया।

दोनों आरोपियों के जाने के बाद मामले को फरार बनाने के लिए खिड़की का रॉड भी टेढ़ा कर दिया गया। जानकारों की माने तो उत्पाद विभाग 50 लीटर तक ही शराब को जब्त कर सकती है। लेकिन नीमडीह में हुई छापमारी में 450 लीटर शराब की जब्ती दिखाई गई है।

’ वही विमला लकड़ा, उत्पाद अधीक्षक सरायकेला खरसावां ने कहा कि उत्पाद विभाग की टीम ने नीमडीह में छापामारी कर नकली शराब की फैक्ट्री से अवैध रुप से निर्माण किए गए विदेशी शराब और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उत्पाद हाजत में रखा थे।

दोनों आरोपी रात में खिड़की का रॉड टेढ़ा कर फरार हो गए। हाजत से भागने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। रुपये लेकर दोनों आरोपितों को छोड़ने का मामला नहीं है। विभाग मामले की जांच कर रही है।

Advertisements

You missed