
हुण्डरु में पारम्परिक मण्डा पूजा श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न
राँची । सिकिदीरी । मंगलवार को हुण्डरु गांव में पांच दिवसीय पारंपरिक मण्डा पूजा धार्मिक श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुई। पूजा के अंतिम दिन शिव भक्तों द्वारा रात्रि जागरण के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें लोटन सेवा तथा फुलखुंदी के माध्यम से भगवान शिव की आराधना की गई।
रात्रि जागरण के अवसर पर आकर्षक छऊ नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसमें उस्ताद सुधीर कुमार (आदरडीह, सरायकेला) एवं वीणाधर कुमार (पुरुलिया, बंगाल) के नेतृत्व में दो नृत्य दलों के बीच भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति हुई। अगले दिन सुबह फुलखुंदी एवं झुलन का आयोजन किया गया, जहां शिव भक्तों ने दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर अपनी आस्था प्रदर्शित की। झुलन के दौरान श्रद्धालुओं ने आस्था के प्रतीक पुष्पों की वर्षा की, जिसे पाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कुच्चू पंचायत के मुखिया सहदेव बेदिया, ग्राम प्रधान बालेश्वर बेदिया, मण्डा पूजा समिति के अध्यक्ष शुभम कुमार बेदिया, सचिव जयदेव बेदिया एवं सह-सचिव राजकिशोर प्रसाद ने संयुक्त रूप से रात्रि जागरण अखाड़ा में फीता काट कर किया।
इस पावन अवसर पर 40 भोक्ता एवं 45 सोखताईन श्रद्धालु शामिल हुए। सफल आयोजन में कोषाध्यक्ष महेश्वर बेदिया के साथ रविलाल बेदिया, लगनू बेदिया, दसैंया बेदिया, सौहरैया बेदिया, विष्णु बेदिया, सुरज बेदिया, अजय बेदिया, मोहित बेदिया, मंगलदास हजाम, बुधराम बेदिया, फुलेंदर करमाली, मदन बेदिया, बुधूवा बेदिया, मनोज बेदिया, फुलचंद करमाली, रंजन बेदिया, धन्नजय बेदिया सहित अन्य ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि जनसहभागिता और सांस्कृतिक एकता का भी उदाहरण बना।
