Advertisements
Spread the love

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस का शिकंजा

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

एसपी का सख्त संदेश: शराब पीकर गाड़ी चलाई तो होगी कड़ी कार्रवाई, यातायात नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं

सरायकेला/ राजनगर : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार (09 जुलाई) को राजनगर थाना क्षेत्र में यातायात पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान कई वाहनों की जांच की गई। इस दौरान वाहन संख्या OD29F9041 के चालक अक्षय कुमार कांडी तथा वाहन संख्या OD09AF2899 के चालक संजय महतो शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत दोनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में किसी भी चालक को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी।

यातायात थाना, सरायकेला-खरसावां ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शराब या किसी भी प्रकार का नशा कर वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें। पुलिस ने कहा कि आपका एक जिम्मेदार निर्णय न केवल आपकी, बल्कि कई अन्य लोगों की अनमोल जिंदगी भी बचा सकता है।