















मुख्य सड़क पर खड़े ब्रेकडाउन वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस ने रेडियम लगाकर किया सुरक्षित











रिर्पोटर – जगबंधु महतो
रात में सड़क पर खड़े खराब वाहनों पर पुलिस की नजर, रिफ्लेक्टिव टेप से किया सुरक्षित
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के साथ-साथ खराब होकर खड़े ब्रेकडाउन वाहनों की भी जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कई ट्रक और भारी वाहन खराब होने के कारण मुख्य सड़क पर ही खड़े रहते हैं। इन वाहनों में विशेषकर रात के समय पर्याप्त प्रकाश अथवा सिग्नल की व्यवस्था नहीं होने से पीछे और सामने से आने वाले वाहन चालकों को दूर से उनका पता नहीं चल पाता। इससे अचानक टक्कर और गंभीर सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिन ब्रेकडाउन वाहनों को तत्काल सड़क से हटाना संभव नहीं था, उनके आगे, पीछे और दोनों तरफ रेडियम/रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया। इससे रात में वाहनों की रोशनी पड़ने पर खराब वाहन दूर से ही दिखाई देगा और दूसरे वाहन चालकों को समय रहते सावधान होने का मौका मिलेगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन खराब होने की स्थिति में उसे यथासंभव सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें। यदि तत्काल हटाना संभव नहीं हो तो हैजार्ड लाइट, पार्किंग लाइट तथा रिफ्लेक्टिव संकेतक का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Related posts:






