Advertisements
Spread the love

सतबहिनी के साई कृष्णा हेवन सिटी में दर्दनाक हादसा, 22 वर्षीय युवती की मौत

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

परिचित से मिलने पहुंची थी खुशबू, कुछ देर बाद फ्लैट के नीचे मिला शव; हादसा या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया स्थित सतबहिनी के साई कृष्णा हेवन सिटी आवासीय परिसर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना से सनसनी फैल गई। बहुमंजिला इमारत से गिरने के कारण 22 वर्षीय खुशबू कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका सतबहिनी की ही रहने वाली बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, खुशबू कुमारी गुरुवार सुबह किसी परिचित से मिलने की बात कहकर साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी। बताया जा रहा है कि वह फ्लैट संख्या 515 में गई थी। इसी दौरान करीब सुबह 8 बजे से 8:30 बजे के बीच वह बहुमंजिला इमारत के ऊपरी हिस्से से नीचे गिर गई। जमीन पर गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

अचानक तेज आवाज होने के बाद परिसर में मौजूद लोगों की नजर घटनास्थल की ओर गई। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना पाकर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि खुशबू की मौत दुर्घटनावश ऊंचाई से गिरने के कारण हुई या उसने किसी वजह से फ्लैट से छलांग लगाकर आत्महत्या की। पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फ्लैट में उसकी मौजूदगी, घटनाक्रम और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जांच का हिस्सा बनाए जा रहे हैं।

घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवती की अचानक हुई मौत से परिवार और आसपास के लोगों में गहरा सदमा है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

You missed