
“हरित झारखंड संकल्प” के तहत हेसल पंचायत में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

अनगड़ा । अनुपमा आरती फाउंडेशन द्वारा “हरित झारखंड संकल्प” अभियान के तहत हेसल पंचायत में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय हेसल तालाब के किनारे 101 पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान की विशेष बात यह रही कि “एक वृक्ष – एक परिवार” मॉडल को अपनाया गया, जिसमें हर पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी एक स्थानीय परिवार को सौंपी गई।
कार्यक्रम में हेसल वन समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पौधों की बाड़बंदी और सुरक्षा का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि के रूप में अनुपमा आरती फाउंडेशन के निदेशक राजेश रंजन उपस्थित थे। उन्होंने बताया, “हमारा लक्ष्य सामुदायिक भागीदारी के साथ झारखंड को हरित राज्य बनाना है। आगामी महीनों में हम झारखंड के विभिन्न पंचायतों में मियावाकी तकनीक से वनों का विकास करेंगे। यह ‘हरित झारखंड संकल्प’ की मजबूत शुरुआत है।”
इस अवसर पर हेसल पंचायत की मुखिया कविता देवी ने कहा,
“पंचायत को हराभरा बनाने के लिए खाली पड़ी ज़मीनों पर नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।” कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामनाथ करमाली, उप मुखिया दुर्गा महतो, कृष्णा करमाली, रेणु सोनी, रंजन महतो, नरेश महली, कुंज बिहारी महतो, संगीता देवी, कल्याणी देवी, सूरज महतो, विशाल मुंडा, अंजू कुमारी, बसंती देवी सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया ।

