
कोयला डंपिंग यार्ड हटाने की मांग को लेकर दुमका स्टेशन पर हंगामा, आरपीएफ और धरनार्थियों के बीच तीखा विवाद

रिपोर्ट – मौसम गुप्ता, दुमका
दुमका । रेलवे स्टेशन परिसर में बने कोयला डंपिंग यार्ड को हटाने की मांग को लेकर लंबे समय से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे रसिकपुर और आसपास के ग्रामीणों के धरने ने रविवार को नया मोड़ ले लिया। आरपीएफ और प्रदर्शनकारियों के बीच जबरदस्त विवाद उत्पन्न हो गया।
धरना स्थल को लेकर हुई इस टकराव में आरपीएफ इंचार्ज मनोज कुजूर ने स्टेशन परिसर में धरना देने से इनकार किया और प्रदर्शनकारियों को बाहर जाने को कहा। वहीं, आंदोलन का नेतृत्व कर रहे रविशंकर मंडल और अन्य ग्रामीण तिरपाल बिछाकर वहीं बैठ गए, जिससे विवाद और बढ़ गया। आरपीएफ द्वारा तिरपाल हटाने की कोशिश के विरोध में सभी ग्रामीण नारेबाजी करते हुए जमीन पर बैठ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि जब प्रदूषण खुद रेलवे स्टेशन से फैल रहा है, तो धरना कहीं और क्यों दें? “आप प्रदूषण रोकिए, हम धरना बंद कर देंगे,” प्रदर्शनकारियों ने कहा।
तालमेल की कमी उजागर
धरने को लेकर आरपीएफ और स्टेशन प्रबंधन के बीच भी तालमेल की कमी साफ दिखी। जहां आरपीएफ इंचार्ज ने कड़ा रुख अपनाया, वहीं स्टेशन प्रबंधक टीपी यादव ने नरम रवैया अपनाते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की।
मुन्नी हांसदा भी उतरीं समर्थन में
धरनार्थियों के समर्थन में रैयत नेता मुन्नी हांसदा भी रविवार को मैदान में उतरीं। उन्होंने कहा कि सरकार नियम-कानून ताक पर रखकर कोयला खनन कर रही है, जिससे आम लोग और रैयत बुरी तरह प्रभावित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अब चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा और सरकार को कोयला डंपिंग यार्ड हटाना ही होगा।
रणनीति में जुटे ग्रामीण
धरने के बाद मुन्नी हांसदा ग्रामीणों और रैयतों के साथ आगे की रणनीति बनाने में जुट गईं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ दलाल किस्म के लोग कंपनियों के साथ मिलकर आम ग्रामीणों के हक को कुचल रहे हैं, जिसका गंभीर परिणाम सरकार को भुगतना पड़ सकता है।
प्रमुख उपस्थित लोग
रविशंकर मंडल, हेमंत श्रीवास्तव, संजय मंडल, गोवर्धन मंडल, विमल मरांडी, विष्णु यादव, अभय गुप्ता, मनोज पंडित, एन एन पंडित, लालटू दे, अमन सिंह, मनोज हांसदा, ध्रुव मंडल, भास्कर मंडल, भीम शर्मा, सुनील कापरी, आशीष नायक, राजा मंडल, अर्जुन कापरी, शत्रुघ्न कापरी, विजय सिंह, महेश मरांडी, श्याम टुडू, रिंकू यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद थे।

