
घोड़ालांग गांव में भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ साप्ताहिक श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ…
सरायकेला Sanjay। सरायकेला प्रखंड अंतर्गत घोड़ालांग गांव के सभी भक्त ग्रामीणों के सहयोग से गांव में साप्ताहिक श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ किया गया। जिसका शुभारंभ पवित्र 108 कलशों के साथ श्री भगवते वासुदेवाय का जयकारा लगाते हुए भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। ग्राम स्थित मंदिर में कलश स्थापना और पूजा पाठ के पश्चात पुष्पांजलि एवं भव्य आरती के कार्यक्रम किए गए। जिसके बाद व्यासपीठ से प्रयागराज से पधारे कथावाचक संजय द्विवेदी एवं दीनदयाल मिश्र द्वारा श्रीमद्भागवत महापुराण का पाठ वाचन किया गया।


मौके पर भक्तों को सनातन संस्कारों की जानकारी दी गई। और विश्व कल्याण के लिए इसकी आवश्यकता की महिमा बताई गई। बताया गया कि आगामी 16 मई को प्रार्थना के पश्चात पूजा पाठ एवं यज्ञ पूर्णाहुति के साथ दोपहर के 3:00 बजे से महाप्रसाद भोग का वितरण करते हुए आध्यात्मिक कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

