
चांडिल प्रखंड में “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम: तीन पंचायतों में लगा शिविर, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

चांडिल : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” के तहत शनिवार को चांडिल प्रखंड के आंसनबनी, चिल्गु और भादूडी़ह पंचायत में विशेष शिविर लगाया गया। तीनों पंचायतों में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और कई सेवाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसान सम्मान योजना, मनरेगा, राशन कार्ड अद्यतन, वृद्धावस्था/विधवा/दिव्यांग पेंशन, तथा जाति–आय–निवास प्रमाणपत्र सहित अन्य योजनाओं के लिए आवेदन जमा किए। कई मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम की निगरानी के लिए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी। मौके पर BDO तलेसर रोहिदास, CO प्रदीप महतो, पंचायत मुखिया बिंदु मुर्मू, उपमुखिया प्रदीप माहतो, पंचायत समिति सदस्य माधवी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएँ और शिविरों में पहुँचकर अपने आवश्यक कार्य समय पर निपटाएँ।
शिविरों के सफल आयोजन से तीनों पंचायतों में संतोष का माहौल देखा गया और ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम को शासन-प्रशासन को गांव-गांव तक पहुँचाने की दिशा में सार्थक कदम बताया।
Vananchal24tvlive के लिए चांडिल संवाददाता की रिपोर्ट

