
तीतीरबिल्ला पुल के पास वाहन जांच अभियान, कई वाहनों पर कार्रवाई

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
सरायकेला: सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा सरायकेला थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹2,37,500 की दंडात्मक राशि वसूली गई।
जानकारी के अनुसार जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत तीतीरबिल्ला पुल के समीप यह विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के क्रम में विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों के चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस (हेवी ड्राइविंग लाइसेंस) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जिन वाहनों के कागजात अधूरे पाए गए या मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करते मिले, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
इस दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने चालकों को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना वैध कागजात के वाहन चलाने से बचने की सख्त हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
इस अभियान में जिला परिवहन विभाग के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

