Spread the love

आदित्यपुर फायरिंग कांड का बड़ा खुलासा: दो बदमाश गिरफ्तार, पिस्टल-कट्टा और 20 जिंदा कारतूस बरामद

Advertisements
Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

युवक को गोली मारने की वारदात के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अपाची बाइक और मोबाइल भी जब्त

आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज फायरिंग कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। युवक को गोली मारने की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके पास से हथियारों का जखीरा, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार 2 मार्च को सिरीस भट्ठा मांझी टोला निवासी 19 वर्षीय राजवीर सिंह उर्फ लालू पर जानलेवा हमला करते हुए बदमाशों ने गोली चला दी थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए टीएमएच जमशेदपुर में भर्ती कराया गया था।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले के नामजद आरोपी शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड देशी पिस्टल, दो देशी कट्टा, एक मैगजीन, 7.65 एमएम के 16 जिंदा कारतूस और .315 एमएम के 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।