
कुकड़ू में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रहीं दो महिलाओं की मौत, तीन झुलसीं
रिर्पोटर : जगबंधु महतो
पांडरा गांव में हादसे से मचा हड़कंप, ईचागढ़ सीएचसी में चल रहा इलाज; जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने जताया शोक
कुकड़ू : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पांडरा गांव में सोमवार दोपहर बारिश के बीच हुए वज्रपात ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। खेत में काम कर रहीं पांच महिलाएं अचानक आसमानी बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं झुलस गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे पांच महिलाएं बारिश के दौरान खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। इसकी चपेट में आने से सोना मनी महतो (46), पति आशीर्वाद महतो और मुक्ता महतो (27), पति पुईतु महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से झुलसी महिलाओं को तत्काल इलाज के लिए ईचागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इधर, मृत दोनों महिलाओं के शवों की पहचान और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
मधुश्री महतो ने ग्रामीणों से अपील की कि बारिश और वज्रपात के दौरान खुले खेतों, मैदानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।

