
साइबर अपराध और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक हुए विद्यार्थी, मध्य विद्यालय सिंधुकोपा में लगा विधिक जागरूकता शिविर
रिपोर्टर : जगबंधु महतो
कानून की जानकारी से ही अधिकारों की रक्षा संभव, छात्र-छात्राओं को PLB ने किया जागरूक
गम्हरिया : सरायकेला जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय सिंधुकोपा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और वर्तमान समय में बढ़ती आपराधिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना था।
इस दौरान पीएलबी संजीव महतो एवं तपन कुमार महतो ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल अधिकार तथा पालन-पोषण योजना से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है। जागरूकता के अभाव में कई बार लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। वहीं, साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन गतिविधियों में सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध लिंक या अनजान कॉल से सावधान रहने की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह और बच्चों के अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार के शोषण या घरेलू हिंसा की जानकारी मिलने पर संबंधित प्राधिकार से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, बल्कि समाज में भी कानूनी जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
