Advertisements
Spread the love

JSSC नौकरी के नाम पर 10 लाख की डील! ग्रामीणों ने बिछाया जाल, कथित ठग रंगे हाथ दबोचा

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

 

सहायक आचार्य भर्ती में फर्जीवाड़े का बड़ा खेल बेनकाब, मूल प्रमाण पत्र और संदिग्ध दस्तावेजों के साथ युवक पकड़ा गया

 

सरायकेला/चौका: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के बड़ामटांड़ गांव में जेएसएससी पीजीटी सहायक आचार्य भर्ती के नाम पर कथित ठगी करने वाले एक संदिग्ध युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि युवक नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था। मामले के सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित अभ्यर्थी के मामा गुरुचरण साव ने बताया कि एक व्यक्ति ने स्वयं को जेएसएससी से जुड़ा अधिकारी बताते हुए सहायक आचार्य के पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया और बदले में 10 लाख रुपये मांगे। परिजनों को संदेह हुआ तो उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर योजना बनाई और आरोपी को गांव बुलाकर मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद उसे चौका थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसमें जेएसएससी भर्ती से जुड़े कई संदिग्ध दस्तावेज, विभिन्न अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, सरकारी प्रपत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह कथित तौर पर युवाओं से हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक और मूल प्रमाण पत्र लेकर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देता था।

सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए संदिग्ध की पहचान रविंद्र उर्फ राजू कुमार के रूप में बताई जा रही है। यह भी दावा किया जा रहा है कि वह खुद को जेएसएससी के एक अधिकारी का बॉडीगार्ड बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक उसकी पहचान अथवा इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल चौका थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा कितने अभ्यर्थियों को अपना शिकार बनाया गया है। मामले की जांच जारी है।