
मैय्या सम्मान योजना से मईया संपन्नता की ओर
एक दिवसीय कार्यशाला में 200 दीदियों ने लिया भाग

राँची/अनगड़ा : झारखंड सरकार द्वारा संचालित मैय्या सम्मान योजना के अंतर्गत आज जोन्हा यूथ हब में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य योजना से लाभान्वित महिलाओं को आजीविका से जुड़े आर्थिक अवसरों के प्रति जागरूक करना और उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन जोन्हा पंचायत के मुखिया श्री कृष्णा मुंडा ने किया। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए अपने हाथों की कला और हुनर को पहचानने और निखारने की प्रेरणा दी।
कार्यशाला में 200 दीदियों ने भाग लिया और उन्होंने मिलकर आजीविका को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई। इस दौरान मुख्य रूप से तीन क्षेत्रों पर फोकस किया गया: पशुपालन कृषि स्वरोजगार एवं व्यवसाय । इन विषयों पर विस्तार से जानकारी एवं प्रशिक्षण TRIF (Transforming Rural India Foundation) की टीम द्वारा दी गई। प्रशिक्षण देने वालों में प्रमुख रूप से स्टेट कोऑर्डिनेटर अभिषेक सिंह, यूथ हब मैनेजर राजेश कुमार महतो, मनिला, निधि, हर्षनाथ भोगता, रेखा कुमारी, हरदयाल मुंडा, और सीमा कुमारी शामिल थे। प्रशिक्षकों ने महिलाओं को बताया कि मैय्या सम्मान योजना की राशि का किस प्रकार विवेकपूर्ण उपयोग कर वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। साथ ही, उन्हें पोर्टल से जुड़ी प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई।
इस कार्यशाला ने न सिर्फ दीदियों को नई दिशा दी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की राह भी दिखाई।

