
तृतीय अमर शहीद जीतराम बेदिया मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट–2025

Arjun Kumar Pramanik…….✍️
अनगड़ा(राँची) । जयराम स्पोर्टिंग क्लब, बीसा के तत्वावधान में आयोजित तृतीय अमर शहीद जीतराम बेदिया मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट–2025 का शुभारंभ सोमवार को बीसा पंचायत मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले ग्रुप से एफसी पैका तथा एन.के. स्पोर्टिंग लाली की टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आयोजन समिति के अनुसार, दूसरे ग्रुप के मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मैच 24 दिसंबर को बीसा पंचायत मैदान में आयोजित होंगे। पहले दिन के खेल के मुख्य अतिथि समाजसेवी जयराम महली थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जेएलकेएम के केंद्रीय सचिव व ग्राम प्रधान बालेश्वर बेदिया तथा बीसा पंचायत की मुखिया मंजोति देवी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर औपचारिक रूप से मैच का उद्घाटन किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति ने पुरस्कारों की घोषणा करते हुए बताया कि फाइनल में प्रथम विजेता टीम को ₹31,000 नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹21,000 नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ₹4,000-₹4,000 नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजक जयराम बेदिया, शनिचरवा बेदिया, अध्यक्ष पीकेश्वर बेदिया, सोनाराम बेदिया, कोषाध्यक्ष प्रेम बेदिया, बनू बेदिया, रोहित बेदिया, चरण बेदिया, धीरज लोहरा, रामदेव बेदिया, सहीराम बेदिया, बालकिशोर बेदिया, केशो बेदिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित थे। टूर्नामेंट के पहले दिन के रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया है, वहीं आयोजकों को आगामी मुकाबलों में और भी रोमांचक खेल की उम्मीद है। ⚽

