
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 9 गौदाम मार्केटिंग सेंटर का होगा निर्माण, विधायक सविता महतो ने किया भूमिपूजन

चांडिल संवाददाता की रिपोर्ट
चाण्डिल । कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (सहकारिता प्रभाग) द्वारा संचालित समेकित सहकारी विकास परियोजना के अंतर्गत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में निर्माण होने वाले 9 गौदाम मार्केटिंग सेंटर के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन शनिवार को विधायक सविता महतो ने शिलापट्ट अनावरण कर किया। यह सभी गौदाम 100-100 मीट्रिक टन क्षमता के होंगे।
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक गौदाम का निर्माण लगभग 35 लाख 46 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा तथा कुल मिलाकर इन योजनाओं पर करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च होंगे। उन्होंने बताया कि कुकड़ू प्रखंड में 3 गौदाम, नीमडीह प्रखंड में 2 गौदाम, चांडिल प्रखंड में 3 गौदाम तथा ईचागढ़ प्रखंड में 1 गौदाम का निर्माण किया जाएगा। गौदाम निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थलों में कुकड़ू के ओडिया, तिरुलडीह, नीमडीह के सांगडा, लाकड़ी, चांडिल के मातकमडीह, रसूनिया, घोड़ानेगी तथा ईचागढ़ के नदीशाई शामिल हैं। विधायक ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी। गौदाम निर्माण से किसानों को अपने कृषि एवं पशुपालन उत्पादों के सुरक्षित भंडारण और बेहतर विपणन की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें उनके उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश भी दिया। इसी क्रम में विधायक सविता महतो ने कुकड़ू प्रखंड कार्यालय परिसर में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण भी किया, जिससे ठंड से राहत मिली और कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार की झलक देखने को मिली।
इस मौके पर कुकड़ू प्रमुख प्रतिमा वाला, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कित्तीवास महतो, गोपेश्वर कुम्हार, युधिष्ठिर मांझी, इंद्रजीत महतो, अंसार अली, मंगल महतो सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

