Advertisements
Spread the love

एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन में 700 से अधिक जरूरतमंदों को कंबल वितरण, ग्रामीण कल्याण का भव्य उदाहरण

Advertisements

चांडिल संवाददाता की रिपोर्ट

चाण्डिल । सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल प्रखंड अंतर्गत आसनबनी स्थित एम बी एन एस ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन, जो श्री आचार्य गुरुकुल एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा संचालित है, के आसनबनी परिसर में ग्रामीण कल्याण को समर्पित एक भव्य कंबल वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर कड़ाके की ठंड से राहत देने के उद्देश्य से 700 से अधिक जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबलों का वितरण किया गया, जिससे क्षेत्र में खुशी और राहत का माहौल देखने को मिला।
इस सामाजिक सेवा कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ईचागढ़ के विधायक सविता महतो रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में कॉलेज के संरक्षक एवं काली मंदिर के महंत महंत विद्यानंद सरस्वती, कॉलेज के अभिभावक रामकेबल सिंह, कॉलेज अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, डायरेक्टर अनुपा सिंह, केंद्रीय सदस्य काबलू महतो,पूर्व जिला परिषद सदस्य ओम लायक, ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव तथा समाजसेवी दिलीप महतो उपस्थित रहे। सभी अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
गौरतलब है कि एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन द्वारा यह सामाजिक पहल पिछले चार–पांच वर्षों से लगातार की जा रही है। पूर्व वर्षों में साड़ी, शाल, पैंट एवं शर्ट का वितरण किया जाता रहा है, जबकि इस वर्ष भीषण ठंड को देखते हुए कंबल वितरण का निर्णय लिया गया। यह कार्यक्रम श्री आचार्य गुरुकुल एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक सविता महतो ने संस्थान द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। उन्होंने संस्थान से भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
वहीं कॉलेज के संरक्षक महंत विद्यानंद सरस्वती ने संस्थान को आने वाले समय में यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ने तथा सामाजिक दायित्वों को और अधिक व्यापक स्तर पर निभाने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर कॉलेज अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उपस्थित ग्रामीणों का हार्दिक अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति भी पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के अंतर्गत वर्तमान में
एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन,
एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी,
एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग तथा
एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ ग्रैजुएट स्टडीज संचालित हैं।
इन संस्थानों के माध्यम से बी.एड., डी.एल.एड., डी.फार्मा, बी.एससी. नर्सिंग, जी.एन.एम., बी.ए., बी.कॉम., बी.बी.ए., बी.सी.ए. एवं मास कम्युनिकेशन जैसे विविध शैक्षणिक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के फोर्थ ग्रुप कर्मचारी रवि सइस की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही, जो प्रत्येक वर्ष इसी निष्ठा एवं समर्पण के साथ सामाजिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते आ रहे हैं।