Advertisements
Spread the love

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत साथिया सम्मेलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन…

हमारे जीवन में शारीरिक एवं मानसिक विकास दोनों ही अहम भूमिका निभाती हैं: उपायुक्त…

सरायकेला संजय मिश्रा:

सरायकेला। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत सामुदायिक भवन सरायकेला के सभागार में साथिया सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ अजय सिन्हा एवं अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस दौरान कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि साथिया राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चलाये जा रहे कार्यक्रम की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने की जरूरत है। साथ ही कहा कि साथिया लोगों के अंदर विभिन्न तरह की भ्रांतियों को मिटाने हेतु जागरूक करें।

इस दौरान उन्होंने सम्बोधित करते हुए कहा कि आज किशोर-किशोरी एवं युवा वर्ग अपनी समस्या को किसी के साथ साझा नहीं कर पाते है तो समस्या अपने साथियों के साथ साझा करे। साथ ही उन्होंने कहा कि किशोर उम्र में बच्चों की सबसे बड़ी समस्या कुपोषण तथा एनीमिया है। जिसकी रोकथाम के लिए संतुलित आहार, अनुशासन एवं नियमित दिनचर्या का पालन करना आवश्यक है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ अजय सिन्हा ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य एक ज्वलंत मुद्दा है। इससे बचने के लिए सभी बच्चे, किशोर-किशोरियों को अपने माता-पिता, भाई-बहन को दोस्त बनाकर अपनी परेशानी उनसे साझा करनी चाहिए। इससे उन्हें मानसिक समस्याओं से उबरने में मदद मिलेगी।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोर के पोषण को बढ़ाना, यौन प्रजनन और मातृ स्वास्थ्य को सक्षम बनाना, मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ाना, किशोरों में क्षति और हिंसा की रोकथाम, नशावृति की रोकथाम, गैर संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यवहार परिवर्तन करना शामिल है।