
दोस्ती में दरार बनी मौत की वजह! कल्पनापुरी श्मशान घाट हत्याकांड में दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
रिपोर्टर : जगबंधु महतो
पुरानी रंजिश में 20 वर्षीय निखिल की हत्या, वारदात का वीडियो बनाने का भी आरोप; पुलिस ने दो को दबोचा
आदित्यपुर : कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में 20 वर्षीय युवक निखिल कुमार डे की हत्या के मामले में आदित्यपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद और पुरानी रंजिश इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनी। हालांकि, हत्या का मुख्य आरोपी करण सुरेन उर्फ डेले अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे कल्पनापुरी स्थित श्मशान घाट मैदान में एक युवक की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की और मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। मृतक की पहचान शर्मा बस्ती रेलवे लाइन किनारे निवासी तथा वर्तमान में भाटिया बस्ती काली मंदिर के समीप रहने वाले सोमनाथ डे के पुत्र निखिल कुमार डे के रूप में हुई। मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 331/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) में करण सुरेन उर्फ डेले एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस ने गणेश मुर्मू उर्फ डेबो (20), निवासी हरिओम नगर रोड नंबर-5, इंद्रा बस्ती तथा अजीत सुरेन उर्फ गुडरू (19), निवासी नुवागोड़ा, सरायकेला को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, निखिल और मुख्य आरोपी करण पहले गहरे दोस्त थे, लेकिन हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसी रंजिश में करण ने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। वारदात का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। फरार मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
