Advertisements
Spread the love

तेज रफ्तार मैक्स की टक्कर से दम्पति गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

राँची / अनगड़ा । अनगड़ा प्रखंड के मिलन चौक पर मंगलवार रात एक तेज़ रफ्तार मैक्स वाहन ने मोपेड सवार दम्पति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिलदाग महतो टोली निवासी 50 वर्षीय शुखदेव महतो और उनकी 48 वर्षीय पत्नी अनिता देवी टाटीसिलवे के साप्ताहिक मंगलवार बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अनगड़ा की ओर से आ रही एक अनियंत्रित मैक्स गाड़ी (वाहन संख्या: JH8731A/T0325) ने उन्हें मिलन चौक के पास जोरदार टक्कर मार दी। घायल शुखदेव महतो ने बताया कि उन्होंने बचने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी की गति इतनी तेज़ थी कि वे खुद को नहीं बचा सके। हादसे में अनिता देवी का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया है जबकि शुखदेव महतो को जबड़े में गंभीर चोट आई है। मोपेड (नं. JH01AK/6266) सवार दोनों को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत स्वर्णरेखा अस्पताल, टाटीसिलवे पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी है। समाजसेवी अजित महतो भी घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। बताया गया है कि यह दम्पति टाटीसिलवे साप्ताहिक बाजार में मिठाई की दुकान चलाते हैं।

Advertisements