
द्वारिका हॉस्पिटल में जलजमाव, निर्माण विभाग की लापरवाही उजागर

राँची/ नामकुम । नामकुम प्रखंड के महिलांग स्थित द्वारिका हॉस्पिटल परिसर में भारी बारिश के बाद जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति निर्माण विभाग की लापरवाही का नतीजा है। आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता काशीनाथ महतो ने बताया कि पहले यहां एक बड़ा पुल था, लेकिन सड़क चौड़ीकरण के दौरान उसे हटाकर मात्र पाइप लगा दिया गया। यही वजह है कि थोड़ी सी बारिश में ही पानी का बहाव रुक जाता है और पूरा अस्पताल परिसर जलमग्न हो जाता है। यह समस्या केवल द्वारिका हॉस्पिटल तक ही सीमित नहीं है, बल्कि राँची-पुरूलिया मुख्य पथ पर भी कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जबकि संबंधित पदाधिकारियों को पहले से मानसून आने की जानकारी थी, इसके बावजूद कोई समुचित तैयारी नहीं की गई। नेता काशीनाथ महतो ने इस पूरे मामले को अधिकारियों की लापरवाही, गैरजिम्मेदाराना रवैये और जागरूकता की कमी का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और मरीजों को इस बदइंतजामी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। गौरतलब है कि द्वारिका हॉस्पिटल राँची-पुरूलिया पथ के किनारे स्थित है, जिससे न केवल अस्पताल प्रभावित हो रहा है बल्कि सड़क यातायात भी ठप हो जा रहा है।
Related posts:

