
शहीद रतिलाल महतो की 26वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बोले, मजदूरों के मसीहा थे रतिलाल

रिपोर्टर : जगबंधु महतो
गम्हरिया । प्रखंड अंतर्गत ऊपरबेड़ा मैदान में रविवार को मजदूर नेता शहीद रतिलाल महतो की 26वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद रतिलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का आयोजन शहीद रतिलाल महतो स्मृति समिति की ओर से किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला विधायक चंपई सोरेन उपस्थित रहे। उन्होंने रतिलाल महतो को ‘मजदूरों का मसीहा’ बताते हुए कहा कि उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों के अधिकारों के लिए अनवरत संघर्ष किया और अंततः इसी संघर्ष में अपने प्राणों की आहुति दे दी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा “स्व. रतिलाल महतो के संघर्षों की बदौलत हम सबने यह सीखा कि कैसे मजदूरों की आवाज को बुलंद किया जा सकता है। हमने भी उनके पदचिन्हों पर चलते हुए टाटा जैसी बड़ी कंपनी को झुकने पर मजबूर किया और हजारों आदिवासी-मूलवासी युवाओं को कंपनी में रोजगार दिलाया।” उन्होंने आगे कहा कि रतिलाल महतो का बलिदान झारखंड के श्रमिक आंदोलन के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर बड़ी संख्या में मजदूर एकत्र होकर उन्हें याद करते हैं। कार्यक्रम में बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष छायाकांत गोराई, रंजीत प्रधान, मोहन बास्के, बी.डी. दास, दीपक मंडल, अविनाश सोरेन समेत कई भाजपा कार्यकर्ता और स्मृति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

