Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: बड़सोल छठ घाट पर महापर्व छठ की तैयारियां शुरू, छठ व्रतधारी सेवा मंच ने सफाई अभियान का किया शुभारंभ

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड के बड़सोल छठ घाट पर गुरुवार को छठ व्रतधारी सेवा मंच की ओर से महापर्व छठ की तैयारियों का शुभारंभ किया गया. मंच के अध्यक्ष सुरेश सिंह ने सदस्यों के साथ घाट का निरीक्षण कर सफाई कार्य शुरू कराया. जेसीबी और मजदूरों की मदद से घाट परिसर, सड़क, रास्ते तथा नदी किनारे उगी झाड़ियों की सफाई की जा रही है.

इस दौरान थाना प्रभारी राजेश कुमार के निर्देश पर एसआई अजीत कुमार पुलिस बल के साथ घाट पर पहुंचे और साफ-सफाई में सहयोग किया. वहीं अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा, सिटी मैनेजर अनंत खालको एवं उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा ने भी घाट का निरीक्षण किया और हर संभव सहयोग करने की बात कही.

इस मौके पर मंच के अध्यक्ष सुरेश सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महापर्व छठ धूमधाम से मनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं. इसमें सरकारी विभागों, समाजसेवियों और ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिलता है. मंच का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देना है. इसी को ध्यान में रखते हुए घाट की साफ-सफाई और रास्तों को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

वहीं, मंच के संरक्षक परमानंद सिंह ने कहा कि महापर्व छठ को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए मंच पूरी तरह कटिबद्ध है. व्रतियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.

इस मौके पर नवीन केड़िया, संजय सिंह, मुकेश सिंह, अरबिंद सिंह, धनेश सिंह, भोला दास समेत अन्य उपस्थित थे.

You missed