
शिकायत के बावजूद सड़क और नाले पर अतिक्रमण जारी, पूर्व पार्षद पर लगे आरोप

संवाददाता : मौसम गुप्ता
दुमका । सराय रोड, दुमका स्थित मुख्य सड़क के किनारे बने नाले पर अतिक्रमण का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पूर्व वार्ड पार्षद राजकुमार मोदी पर सड़क और नाले पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। निवासियों के अनुसार, नाले के ऊपर ईंटों का अवैध भंडारण किया गया है, जिससे नाले की सफाई संभव नहीं हो पा रही है और पूरे मोहल्ले में बदबू फैली हुई है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि राहगीरों और टहलने वालों को भी असुविधा झेलनी पड़ रही है। प्रभात कुमार, अंजना देवी, ममता झा, संदीप कुमार ‘जय बमबम’, मृणाल कांत झा, एस. भगत, आदित्य कुमार और अभिषेक कुमार झा सहित कई मोहल्ले वासियों ने बताया कि नाले में ईंटें गिर रही हैं, जिससे जलजमाव और गंदगी फैल रही है। लोगों ने इस बाबत दुमका उपायुक्त, नगर परिषद और अंचल पदाधिकारी को लिखित शिकायत दी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मोहल्ले वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे राज्य के मुख्यमंत्री से सीधे शिकायत करेंगे।

