
चांडिल में सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि श्रद्धा भाव से मनाई गई
चांडिल

सरायकेला – खरसावां । नारायण आईटीआई, लुपुंगडीह, चांडिल में सोमवार को भारत की पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि सुषमा स्वराज न केवल भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता थीं, बल्कि उन्होंने भारतीय राजनीति में महिलाओं की भूमिका को नई ऊंचाई प्रदान की।
उन्होंने बताया कि सुषमा स्वराज दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री रहीं। वर्ष 2014 से 2019 तक नरेंद्र मोदी सरकार में विदेश मंत्री के रूप में उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया। डॉ. पांडे ने कहा कि वे जवाहरलाल नेहरू के बाद दूसरी विदेश मंत्री रहीं, जिन्होंने पूर्ण 5 वर्षों का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया। साथ ही, वे स्वर्गीय इंदिरा गांधी के बाद यह पद संभालने वाली दूसरी महिला भी थीं।
सुषमा स्वराज के राजनीतिक जीवन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वे सात बार सांसद और तीन बार विधायक के रूप में निर्वाचित हुईं। वर्ष 1977 में मात्र 25 वर्ष की आयु में, वे हरियाणा की सबसे कम उम्र की कैबिनेट मंत्री बनीं, जो उनके नेतृत्व क्षमता की मिसाल है।
इस अवसर पर एडवोकेट निखिल कुमार, जयदीप पांडे, प्रकाश महतो, शशि भूषण महतो, शुभम साहू, पवन महतो, कृष्ण पद महतो, संजीत महतो, मोहन कुमार सिंह, गौरव महतो सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

