
टाटीसिलवे में 60 वर्षीय महिला से चेन छिनतई, अपराधियों की पहचान, जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन

✍️ Arjun Kumar Pramanik
राँची/नामकुम । टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में शनिवार को सुबह एक चेन छिनतई की घटना ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी। जानकारी के अनुसार, सावित्री गिरी (उम्र लगभग 60 वर्ष), पत्नी स्व. भैरव गिरी, निवासी साकेत नगर, थाना टाटीसिलवे, जिला रांची, आज प्रातः करीब 08 बजे दूध लेने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सावित्री गिरी ने टाटीसिलवे थाना में लिखित आवेदन दिया। थाना प्रभारी रंजीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तुरंत छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है ताकि अपराधियों को जल्द पकड़ा जा सके।
थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और बहुत जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने, अकेले आने-जाने से बचने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने और अपराधियों को पकड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
यह घटना समाज में जागरूकता और सतर्कता बढ़ाने का संदेश देती है। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्रवासियों को सुरक्षा का भरोसा मिला है।

