
एक्यूप्रेशर परिषद झारखंड शाखा में भगवान धन्वंतरि, गणेश एवं महालक्ष्मी का भव्य पूजन सम्पन्न

Arjun Kumar Pramanik…….✍️
नामकुम (राँची) : एक्यूप्रेशर परिषद झारखंड शाखा, टाटीसिल्वे, रांची में धनतेरस के अवसर पर भगवान धन्वंतरि, भगवान गणेश एवं मां महालक्ष्मी का पूजन विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धूमधाम से किया गया । कार्यक्रम में मुख्य जजमान के रूप में न्यायाधीश महेंद्र प्रसाद उपस्थित रहे। पूजन कार्य हरातू मंदिर के पुजारी पंडित मधुसूदन पांडे द्वारा वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर परिषद के सचिव डॉ. मधुसूदन पांडे ने कहा कि “धनतेरस का पहला धन ‘स्वास्थ्य’ है। इसी कारण दीपावली से पूर्व भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है ताकि समाज, गांव, राज्य और देश में सुख-समृद्धि एवं निरोग जीवन बना रहे।”
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही वास्तविक समृद्धि है, और भगवान धन्वंतरि की कृपा से सभी जन स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें — यही हमारी कामना है। पूजन कार्यक्रम में डॉ. बलराम महतो, डॉ. ललिता कुमारी, दीपक कुमार पांडे, भोलानाथ ठाकुर, मयंक हजाम, नरेश महतो, महेश प्रजापति, रुक्मिणी सरस्वती, लपंग पूजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।पूरे आयोजन स्थल में भक्ति एवं आध्यात्मिकता का वातावरण व्याप्त था। दीप, पुष्प एवं वैदिक मंत्रों से गूंजता परिसर धर्म और स्वास्थ्य के संगम का साक्षी बना।

