
आस्था के महापर्व छठ का हुआ विधिवत समापन, व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । लोक आस्था के महापर्व छठ के चौथे और अंतिम दिन मंगलवार सुबह हल्दीपोखर, हाता, कोवाली, रसुनचोपा सहित आसपास के सभी छठ घाटों पर व्रतियों ने उगते हुए सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर इस कठिन व्रत का विधिवत समापन किया।सुबह होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ विभिन्न छठ घाटों पर उमड़ पड़ी। हल्दीपोखर के कमल तालाब छठ घाट समेत अन्य घाटों पर व्रती महिलाएं स्नान कर पूजा-अर्चना में लीन दिखीं। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर उन्होंने अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर पूजा के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। छठ व्रतियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी घाटों पर उपस्थित रहे और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान स्थानीय विधायक संजीव सरदार भी कमल तालाब छठ घाट पहुंचे। उन्होंने श्रद्धा और भक्ति के साथ उगते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और उपस्थित श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।विधायक ने इस अवसर पर कहा कि “छठ पूजा सात्विकता और अनुशासन का अनुपम उदाहरण है। यह एकमात्र पर्व है जिसमें साक्षात सूर्य देव की आराधना की जाती है।” उन्होंने भगवान भास्कर से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की। पूजा के बाद विधायक ने व्रतियों से मिलकर प्रसाद ग्रहण किया।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोवाली थाना पुलिस की टीम विभिन्न छठ घाटों पर तैनात रही ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मौके पर विभीषण सिंह सरदार, रतन सोनकर, प्रकाश सोनकर, ओमप्रकाश गुप्ता, देव पालित, अमरनाथ पालित, सुजय नंदी, रहित राम, संतोष गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, मनोज गुप्ता सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

