
आदित्यपुर नगर निगम के उपनगर आयुक्त ने पार्षदों को दिया आश्वासन, घाटशिला उपचुनाव के बाद निकाली जाएगी टेंडर

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
सरायकेला । आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व पार्षदों द्वारा निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ बीते शनिवार को किए गए आमरण अनशन को उपायुक्त और उपनगर आयुक्त की पहल पर सशर्त रूप से समाप्त कर दिया गया था। इसके बाद सोमवार को निगम सभागार में उपनगर आयुक्त पारुल सिंह की अध्यक्षता में पूर्व पार्षदों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को रखते हुए कहा कि लंबे समय से रुके हुए विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएं। इस पर उपनगर आयुक्त ने पार्षदों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल घाटशिला उपचुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू है, जिसके कारण कई योजनाओं के टेंडर रोके गए हैं। जैसे ही आचार संहिता समाप्त होगी, रुके हुए टेंडर जारी कर सभी विकास कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे।
उपनगर आयुक्त के इस आश्वासन पर पूर्व पार्षदों ने भरोसा जताया और कहा कि प्रशासन की पहल से उन्हें उम्मीद जगी है कि इस बार उनकी जायज़ मांगें पूरी होंगी। हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि वादे पूरे नहीं किए गए, तो वे पुनः भू-हड़ताल या आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे।
Related posts:

