
पोटका में दर्दनाक हादसा — पत्थर खदान में हाईवा पलटने से दो की मौत

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के सरमंदा पत्थर खदान में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शुभोजित गोप (30) और टुकलू सरदार (28) के रूप में हुई है। दोनों खदान में कार्यरत थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौजा सरमंदा में सुजित कुमार मंडल को तीन एकड़ भूमि पर पत्थर खनन का लीज प्राप्त है। मंगलवार को खनन कार्य के बाद हाईवा वाहन (संख्या JH05U/6288) में पत्थर लोड कर ऊंचाई की ओर चढ़ाई हो रही थी। इस दौरान वाहन में यांत्रिक खराबी आ जाने से वह नियंत्रण खो बैठा और पीछे की ओर लुढ़कने लगा।
हादसे के वक्त शुभोजित गोप हाईवा के केबिन में और टुकलू सरदार वाहन के डाला में सवार थे। वाहन लुढ़कने के दौरान दोनों ने कूदने की कोशिश की, लेकिन बदकिस्मती से वे पलटते हुए वाहन के नीचे दब गए। मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना से जेएसआई कृष्णा रजक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा देने और खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।
Related posts:

