Advertisements
Spread the love

“ऐसे शिविर शासन की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम, त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें” – उपायुक्त

Advertisements

दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता 

दुमका । सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत मसलिया प्रखंड के कोलारकोंदा पंचायत में आयोजित विशेष शिविर का उद्घाटन उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उपायुक्त ने कहा कि यह शिविर राज्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक सीधे पहुँचाने का सशक्त मंच है, जहाँ ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि शिविर में झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम–2011 के अंतर्गत सूचीबद्ध सभी प्रमुख सेवाएँ—जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल–खारिज, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन—प्राथमिकता के साथ जारी की जा रही हैं। इस अवसर पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी स्टालों का अवलोकन किया और लंबित आवेदनों के निष्पादन, सेवा वितरण की व्यवस्था तथा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित कर्मियों को निर्देश दिया कि आमजनों की समस्याओं का तेजी से, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी आवेदन भरने से लेकर सत्यापन तक ग्रामीणों की हर संभव सहायता करें, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए । उपायुक्त ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की तथा कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं, जो सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

You missed