Advertisements
Spread the love

डिफेंस सेक्टर से जुड़ेगा आदित्यपुर, दो दिवसीय कॉन्क्लेव

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

आदित्यपुर । आत्मनिर्भर भारत अभियान को धरातल पर उतारने और कोल्हान क्षेत्र के उद्योगों को रक्षा उत्पादन से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में आगामी 16 और 17 जनवरी 2026 को दो दिवसीय एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन की पहल आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (एशिया) के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में की जा रही है, जिसका उद्देश्य स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराना है। कॉन्क्लेव का उद्घाटन 16 जनवरी को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ करेंगे। इस अवसर पर पूर्व एयर चीफ मार्शल अरूप राहा समेत रक्षा मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उद्घाटन समारोह में आर्मी बैंड की प्रस्तुति आयोजन की गरिमा बढ़ाएगी।
एशिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में देशभर में लगभग 17 हजार एमएसएमई इकाइयाँ रक्षा क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं, लेकिन झारखंड की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही है। यह कॉन्क्लेव कोल्हान के उद्योगों के लिए एक नया मंच प्रदान करेगा, जिससे वे ऑटोमोबाइल और रेलवे सेक्टर के साथ-साथ रक्षा निर्माण की दिशा में भी कदम बढ़ा सकेंगे।
सम्मेलन के दौरान 60 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही बी2बी बैठकों, तकनीकी सेमिनार और कार्यशालाओं के माध्यम से उद्यमियों को रक्षा क्षेत्र की जरूरतों, प्रक्रियाओं और संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन झारखंड को देश की रक्षा आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।