
जानूम-पलाशडीह में खेल और संस्कृति का संगम, वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट में यंग बॉयज 1411 क्लब धनुडीह बना विजेता

गाम्हरिया संवाददाता-जगबंधु महतो
सरायकेला खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत जानूम पलाशडीह गांव में मित्र सम्मेलन समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट रविवार को उत्साह और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ। ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों ने भाग लिया, जहां एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
टूर्नामेंट का फाइनल मैच XL 6 लवर बॉय डिपूटॉड एवं यंग बॉयज 1411 क्लब धनुडीह के बीच खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खेले गए इस मुकाबले में यंग बॉयज 1411 क्लब धनुडीह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीम को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले के अवसर पर जिला परिषद सरायकेला–खरसावां के उपाध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिप प्रतिनिधि एवं झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है तथा ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी कड़ी मेहनत से ऊंचे मुकाम तक पहुंच सकते हैं। इसके पश्चात विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में गांव में झारखंड सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसका मुख्य अतिथि के रूप जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो पहुंची और फीता काटकर कार्यक्रम उद्घाटन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने ग्रामीण परिवेश में झारखंडी परंपरा और लोकसंस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन चिरंजीत महतो एवं पंचानन महतो ने किया। आयोजन को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष निकुंज प्रामाणिक, उपाध्यक्ष इंद्रजीत महतो, सचिव गौतम महतो, कोषाध्यक्ष शिवनाथ महतो, खेल प्रभारी पतिलाल महतो सहित नरेश कुमार महतो, देव राजन महतो, गंगाधर महतो, अशोक कुमार, मृत्युंजय महतो, सरबल पांडेय समेत अन्य सदस्यों एवं ग्रामीणों की सराहनीय भूमिका रही।

