
आदित्यपुर में टेनिस बॉल क्रिकेट का रोमांच, अंकुर क्रिकेट क्लब की दो दिवसीय प्रतियोगिता शुरू

गाम्हरिया संवाददाता -जगबंधु महतो
आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चुनावी गहमा-गहमी के बीच खेल भावना का उत्सव देखने को मिला। रविवार को अंकुर क्रिकेट क्लब की ओर से सतबोहनी दुर्गा पूजा मैदान में दो दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि प्रेस क्लब के संरक्षक संतोष कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं प्रतीकात्मक बल्लेबाजी कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार उत्तम सोनार, मनीष चंद्रा, जगबंधु महतो एवं हेमंत महाली उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिससे स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उद्घाटन मुकाबला सूरज एकादश और युवराज एकादश के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सूरज एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 6 ओवर में 50 रन बनाए। जवाब में युवराज एकादश की टीम 45 रन पर सिमट गई और सूरज एकादश ने 5 रन से जीत दर्ज की।
आयोजन को सफल बनाने में क्लब के अध्यक्ष फ्रेडरिक कुजूर, सचिव विष्णु पंडित सहित राजेश पंडित, अमित सिंह, जितेंद्र कुमार, शशिकांत पासवान, जितेंद्र कुमार सिंह, संतोष कुमार युवराज, राकेश सिंह और आनंद दुबे सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला जाएगा। प्रवेश शुल्क नि:शुल्क रखा गया है। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। खेल प्रेमियों के लिए यह प्रतियोगिता न केवल मनोरंजन का माध्यम बनी है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा और खेल भावना से जोड़ने का सशक्त मंच भी प्रदान कर रही है।

