Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह नाकाम, नामोंपाड़ा में जाम से जनता बेहाल : चन्दना मुर्मू

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत के नामोंपाड़ा क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण रोजाना भीषण जाम की स्थिति बन रही है. घंटों तक सड़क जाम रहने से आम लोग, पैदल यात्री और स्थानीय राहगीर भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं. स्कूल जाने वाले बच्चों को भी जाम के कारण रोज देर होती है और उन्हें काफी मुश्किलों से गुजरना पड़ता है.

Advertisements

 

इस समस्या पर चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी रही चन्दना मुर्मू ने नगर पंचायत प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह से निष्क्रिय और विफल साबित हो रहा है. बार-बार शिकायत और स्थानीय लोगों की मांग के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है.

चन्दना मुर्मू ने कहा कि यदि जल्द ही नामोंपाड़ा क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने तथा जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ठोस व्यवस्था नहीं की गई, तो स्थानीय जनता के साथ मिलकर नगर पंचायत कार्यालय के सामने जोरदार आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.