
आदित्यपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ चार युवक गिरफ्तार, संभावित वारदात नाकाम

रिपोर्ट गाम्हरिया संवाददाता – जगबंधु महतो
आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित आपराधिक घटना को होने से पहले ही विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने चार युवकों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जयप्रकाश उद्यान के समीप घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान एक नीले रंग के ऑटो में सवार चार संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस को देखते ही सभी आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी धीरज कुमार उर्फ छोटू साव के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। वहीं शेखर कुमार उर्फ पप्पू यादव के पास से 8 एमएम के तीन जिंदा कारतूस मिले।
अन्य गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा कुमार और वी. रमेश आनंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी आदित्यपुर-1 क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो को जब्त कर लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद तिर्की, सुनील कुमार सिंह, महेश उरांव और धर्मराज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

