Spread the love

आदित्यपुर में अतिक्रमण से हालात बदतर, ब्रांच रोड से मेन रोड तक रोजाना जाम -पार्षद ने उपायुक्त से लगाई गुहार

Advertisements
Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

 

आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्ड संख्या-17 की पार्षद नीतू शर्मा ने इस गंभीर समस्या को लेकर जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद के अनुसार, भाटिया बस्ती आरआईटी मोड़ से लेकर खरकाई ब्रिज के पहले एमपी टॉवर तक ब्रांच रोड और मेन रोड पर वाहनों के जरिए भारी अतिक्रमण हो चुका है। सड़कों के किनारे और बीचों-बीच खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहनों के कारण रोजाना लंबा जाम लग रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आशियाना मोड़, शेर-ए-पंजाब फुटबॉल मैदान, इमली चौक, पान दुकान के आसपास और एमपी ब्लॉक जैसे इलाकों में स्थिति और भी गंभीर है। यहां दुकानों और मॉल के बाहर सड़क पर ही वाहन खड़े कर खरीदारी करने से यातायात पूरी तरह बाधित हो रहा है।
पार्षद ने अपने पत्र में कहा है कि अतिक्रमण के कारण न सिर्फ यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के लिए भी रास्ता अवरुद्ध हो रहा है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
उन्होंने प्रशासन से जल्द विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। अब नजरें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

You missed