
सरायकेला-खरसावां में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, पहली बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल-स्व-गणना का भी मिलेगा विकल्प

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
सरायकेला-खरसावां:
जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को उपायुक्त सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरी प्रक्रिया, समय-सीमा और नई डिजिटल व्यवस्था की जानकारी दी गई।
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में कराई जाएगी, जो पारंपरिक प्रणाली से बड़ा बदलाव माना जा रहा है। प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल डिवाइस के जरिए डेटा संग्रह कर सीधे केंद्रीय सर्वर पर अपलोड करेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज होगी।
दो चरणों में होगा कार्य
जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना होगी।
स्व-गणना की सुविधा शुरू
इस बार आम लोगों को स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी दिया गया है। 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया के तहत 33 सवालों के जवाब देने होंगे, जिसके बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी। यह आईडी प्रगणक के सत्यापन के समय उपयोग में लाई जाएगी। जिले में व्यापक तैयारियां जनगणना को लेकर जिले में 12 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 3 शहरी और 9 ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। साथ ही 2245 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक तैयार किए गए हैं और कुल 2518 कर्मियों की तैनाती की गई है।
प्रशिक्षण जारी
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 27 अप्रैल से 13 मई 2026 तक 46 फील्ड ट्रेनर्स के जरिए कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षित टीम 16 मई से घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेगी।
प्रशासन की अपील
उपायुक्त ने इसे एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान बताते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही सरकार योजनाएं बनाती है, इसलिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। साथ ही उन्होंने लोगों से स्व-गणना में हिस्सा लेने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
Related posts:

